नीम करोली बाबा के स्थापना दिवस के अवसर पर नैनीताल जिले में स्थित बाबा के मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दूर-दराज से आए भक्त बाबा के दर्शन के लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आए और पूरे मंदिर परिसर में जय बाबा नीम करोली के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
जिलाधिकारी ने किया व्यवस्थाओं का निरीक्षण
भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। नैनीताल के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक स्वयं व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रशासन द्वारा भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग मार्ग तैयार किया गया है वहीं आपात स्थिति के लिए एंबुलेंस को भी वैकल्पिक रास्ते से मंदिर परिसर तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा बुजुर्ग और बीमार श्रद्धालुओं के लिए दर्शन में प्राथमिकता देने की भी व्यवस्था की गई है।
भीड़ को देखते हुए पुलिस बल सक्रिय
भक्तों की लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस बल भी लगातार सक्रिय है और श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराने में सहयोग कर रहा है। कई श्रद्धालु पिछले दो दिनों से मंदिर परिसर में मौजूद रहकर दर्शन की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
दर्शन के बाद श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और प्रसन्नता देखने को मिल रही है। भक्तों का कहना है कि नीम करोली बाबा के दर्शन मात्र से उनकी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और उन्हें मानसिक शांति एवं आस्था की अनुभूति होती है।