नीट यूजी-2026 की पुनः परीक्षा में शामिल होने वाले उत्तराखंड के अभ्यर्थियों के लिए राज्य सरकार ने बड़ी राहत की घोषणा की है। सरकार के निर्णय के अनुसार अब परीक्षार्थियों को उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान की जाएगी।
प्रवेश पत्र दिखाना अनिवार्य
यह सुविधा केवल उत्तराखंड राज्य के स्थायी निवासी अभ्यर्थियों को ही मिलेगी। इसके लिए अभ्यर्थियों को नीट यूजी-2026 द्वारा जारी प्रवेश पत्र दिखाना अनिवार्य होगा। इस सुविधा का लाभ परीक्षा से दो दिन पहले से लेकर परीक्षा समाप्ति के दो दिन बाद तक लिया जा सकेगा।
सरकारी आदेश के अनुसार यह सुविधा उत्तराखंड परिवहन निगम द्वारा संचालित केवल साधारण श्रेणी की बसों में ही मान्य होगी। साथ ही यह सुविधा परीक्षा केंद्र के निकटतम मार्ग तक ही लागू रहेगी।

सचिव परिवहन बृजेश कुमार संत के निर्देश
इस संबंध में सचिव परिवहन बृजेश कुमार संत द्वारा प्रबंध निदेशक उत्तराखंड परिवहन निगम को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
निर्णय के तहत अभ्यर्थी अपने गृह स्थान या वर्तमान निवास से परीक्षा केंद्र तक परीक्षा की तिथि से दो दिन पहले तक निःशुल्क यात्रा कर सकेंगे। वहीं परीक्षा समाप्त होने के बाद दो दिन के भीतर वापसी यात्रा की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
सरकार के इस फैसले से हजारों अभ्यर्थियों को परीक्षा के दौरान आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।