चंपावत जिले के लोहाघाट स्थित व्यस्ततम पंचेश्वर टैक्सी स्टैंड के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने गहरे गड्ढे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गए हैं। बरसात के चलते इन गड्ढों में जलभराव हो गया है जिससे सड़क तालाब में तब्दील हो गई है और दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बढ़ रही है।
सड़क की स्थिति खराब
स्थानीय लोगों और टैक्सी चालकों का आरोप है कि राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच विभाग ने गड्ढों को भरने का कार्य तो शुरू किया लेकिन उसे बीच में ही अधूरा छोड़ दिया। अधूरी मरम्मत के कारण सड़क की स्थिति पहले से अधिक खराब हो गई है और बारिश के दौरान यहां से गुजरना जोखिम भरा हो गया है।
एनएच विभाग की कार्यप्रणाली से नाराज पंचेश्वर और बाराकोट टैक्सी स्टैंड के चालकों ने विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। उन्होंने मांग की कि सड़क की मरम्मत का कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
गड्ढों को भरने की मांग
टैक्सी चालकों का कहना है कि वे लंबे समय से स्टैंड के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने गड्ढों को भरने की मांग कर रहे थे लेकिन विभाग ने उनकी शिकायतों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। अब जब बरसात के बीच मरम्मत का कार्य शुरू किया गया तो उसे भी अधूरा छोड़ दिया गया जिससे सड़क पर जलभराव की स्थिति बन गई है।
चालकों ने दिया अल्टिमेटम
चालकों के अनुसार गड्ढों और पानी भर जाने से वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल यात्रियों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग बेहद खतरनाक बन चुका है। रात के समय जलभराव के कारण गड्ढे दिखाई नहीं देते जिससे दुर्घटनाओं की संभावना और अधिक बढ़ जाती है।
प्रदर्शन कर रहे टैक्सी चालकों ने प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि पंचेश्वर टैक्सी स्टैंड के पास सड़क की मरम्मत और गड्ढों को भरने का कार्य तत्काल पूरा कराया जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।