उत्तरकाशी कांग्रेस की परिवर्तन संकल्प यात्रा उत्तरकाशी जिला मुख्यालय पहुंची जहां पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह और प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी देखने को मिली।
जनता से बदलाव का किया आह्वान
इससे पहले परिवर्तन संकल्प यात्रा पुरोला बड़कोट और चिन्यालीसौड़ में भी निकाली गई। उत्तरकाशी पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। रैली के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर हमला बोला और जनता से बदलाव का आह्वान किया। सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह ने कहा कि पार्टी राज्य के सभी जनपदों में जाकर आम जनता के बीच सरकार की विफलताओं को उजागर कर रही है। उन्होंने कहा कि परिवर्तन संकल्प यात्रा को हर जगह जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है जिससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है।
सरकार हर मोर्चे पर विफल
प्रीतम सिंह ने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता बढ़ती महंगाई बेरोजगारी पेपर लीक भ्रष्टाचार कमीशनखोरी और बिगड़ती कानून व्यवस्था से त्रस्त है। उन्होंने कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। उन्होंने राम मंदिर के नाम पर चंदे के मुद्दे का भी उल्लेख करते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि कांग्रेस इन सभी जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेशभर में मिल रहे जनसमर्थन से स्पष्ट है कि जनता ने आगामी समय में सत्ता परिवर्तन का मन बना लिया है और कांग्रेस को भरपूर सहयोग देने के लिए तैयार है।