चंपावत जिले की पाटी नगर पंचायत के पहले चुनाव में भाजपा की हार को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। लोहाघाट से कांग्रेस विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने इस परिणाम पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे 2027 विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल बताया है।
नगर पंचायत चुनाव के नतीजों के संकेत
विधायक अधिकारी ने कहा कि पाटी नगर पंचायत चुनाव के नतीजे यह संकेत देते हैं कि 2027 में भी भाजपा को बड़ी हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव में भाजपा का चोला पहने कुछ नेताओं ने उनके निर्दलीय प्रत्याशी का प्रचार किया जिससे पार्टी की रणनीति प्रभावित हुई।
उन्होंने कहा कि भाजपा के कई दिग्गज नेताओं ने मिलकर अपने प्रत्याशी के पक्ष में जोर-शोर से प्रचार किया बावजूद इसके वे जीत दिलाने में असफल रहे और पार्टी को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। विधायक अधिकारी के अनुसार जनता ने भाजपा को स्पष्ट संदेश दिया है और उसे नकार दिया है।
नारायण लाल को बधाई
उन्होंने जीत दर्ज करने वाले निर्दलीय प्रत्याशी नारायण लाल और क्षेत्र की जनता को बधाई देते हुए शुभकामनाएं भी दीं। साथ ही कहा कि यह परिणाम केवल एक स्थानीय चुनाव नहीं बल्कि जनता के मूड का संकेत है।
विधायक ने आगे कहा कि 2027 विधानसभा चुनाव में भाजपा को इससे भी बड़ी हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जनता अब धनबल और कथित गुंडागर्दी को स्वीकार नहीं करेगी।
मुख्यमंत्री के गृह जिले में भाजपा की हार
उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री के गृह जिले में भाजपा की यह हार पार्टी के लिए एक बड़ा झटका है। उन्होंने कहा कि भाजपा के चार-चार दर्जा राज्य मंत्री जिला पंचायत अध्यक्ष पूर्व विधायक जिला अध्यक्ष प्रदेश मंत्री और जिला महामंत्री जैसे कई बड़े नेता अपने प्रत्याशी के समर्थन में जुटे थे फिर भी परिणाम पार्टी के पक्ष में नहीं आए।
विधायक अधिकारी ने कहा कि यह परिणाम 2027 विधानसभा चुनाव का आगाज है और आने वाले समय में इसका प्रभाव और बड़ा देखने को मिलेगा।