लंढोरा क्षेत्र के शिकारपुर स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी एएचसी के लाभार्थियों ने मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर नाराजगी जताई है। लाभार्थियों का आरोप है कि आवासों का आवंटन हुए करीब एक वर्ष बीत चुका है लेकिन उन्हें बिजली और पेयजल जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं।
पानी के अभाव में आवंटित आवास
लाभार्थियों के अनुसार निर्माण कार्य पूरा होने के बाद लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन कंपनी ने उन्हें क्वार्टरों की चाबियां तो सौंप दीं लेकिन आवासों में रहने के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं। उनका कहना है कि बिजली और पानी के अभाव में आवंटित आवासों में रहना मुश्किल हो गया है जिससे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों का यह भी आरोप है कि आवास योजना के लिए आवेदन भरते समय पार्क मंदिर और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित करने का दावा किया गया था लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी इनमें से कोई भी सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई है। इससे लाभार्थियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
कंपनी से सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग
लाभार्थियों ने संबंधित निर्माण कंपनी और प्रशासन से जल्द से जल्द बिजली पानी सहित सभी वादा की गई सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे प्रशासन के समक्ष अपना विरोध दर्ज कराने के लिए मजबूर होंगे।
हालांकि इस संबंध में लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन कंपनी या संबंधित विभाग का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है। उनका पक्ष मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।