प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और केंद्र सरकार में नेतृत्व के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर वरिष्ठ संत एवं जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि ने उन्हें शुभकामनाएं एवं बधाई दी है। हरिद्वार से जारी अपने वीडियो संदेश में स्वामी अवधेशानंद गिरि ने प्रधानमंत्री के कार्यकाल को लोकमंगल और राष्ट्र निर्माण की एक पावन यात्रा बताया।
वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल
स्वामी अवधेशानंद गिरि ने कहा कि देश के लिए उल्लास और आनंद का दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास सुशासन और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की कार्यशैली दूरदर्शिता और राष्ट्र के प्रति समर्पण ने देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि इन 12 वर्षों के दौरान देश ने लगभग हर क्षेत्र में तरक्की की है। चाहे बुनियादी ढांचा विकास हो अर्थव्यवस्था तकनीक विदेश नीति सामाजिक कल्याण या जनहित की योजनाएं सभी क्षेत्रों में महत्वपूर्ण प्रगति देखने को मिली है। स्वामी अवधेशानंद गिरि ने कहा कि ऐसा कोई क्षेत्र नहीं है जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी कार्यक्षमता और नेतृत्व से नया कीर्तिमान स्थापित न किया हो।

भारत प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में उभरा
वरिष्ठ संत ने कहा कि भारत विश्व मंच पर एक मजबूत और प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में उभरा है। भारतीय अर्थव्यवस्था लगातार सशक्त हुई है और दुनिया की प्रमुख आर्थिक व्यवस्थाओं में भारत की पहचान और भूमिका मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने आत्मविश्वास आत्मनिर्भरता और विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं।
अपने संदेश के अंत में स्वामी अवधेशानंद गिरि ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्र सेवा के लिए निरंतर ऊर्जा की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी देश विकास और प्रगति के नए शिखरों को प्राप्त करेगा।