मसूरी में आयोजित एक बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री और विधायक गणेश जोशी अपने बयानों को लेकर एक बार फिर सुर्खियों में आ गए। पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला।
राहुल गांधी भाजपा के स्टार प्रचारक
गणेश जोशी ने कहा कि राहुल गांधी जहां भी चुनाव प्रचार के लिए जाते हैं वहां बेड़ा गर्क कर देते हैं। उन्होंने राहुल गांधी को भाजपा का स्टार प्रचारक बताते हुए दावा किया कि जहां-जहां राहुल गांधी गए वहां भाजपा को प्रचंड जीत मिली है। मंत्री ने आगे कहा कि अब राहुल गांधी उत्तराखंड आ रहे हैं ऐसे में राज्य में भी कांग्रेस का सुपड़ा साफ हो जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी बंगाल असम और हरियाणा में चुनाव प्रचार के लिए गए थे लेकिन वहां कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा।
मंत्री के बयान पर कांग्रेस का कड़ा पलटवार
इधर कैबिनेट मंत्री के इस बयान पर कांग्रेस ने कड़ा पलटवार किया है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता ने कहा कि राहुल गांधी दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड आ रहे हैं और उनके आगमन से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी एक विश्व स्तरीय नेता हैं और गणेश जोशी कभी उनकी बराबरी नहीं कर सकते। कांग्रेस ने मंत्री के बयान को राजनीतिक हताशा से जुड़ा बताया है।
इस बयानबाज़ी के बाद मसूरी और उत्तराखंड की सियासत में जुबानी जंग और तेज हो गई है।