देहरादून : दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री आवास के बाहर छात्रों के मुद्दे को लेकर किए गए प्रदर्शन पर बीजेपी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। देहरादून स्थित बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कैबिनेट मंत्री खजान दास ने राहुल गांधी के प्रदर्शन को लेकर सवाल उठाए और इसे संसदीय परंपराओं व राजनीतिक मर्यादाओं के खिलाफ बताया।
प्रधानमंत्री आवास तक धरना देना गलत
कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने और विरोध दर्ज कराने के लिए संवैधानिक तरीके तय किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास तक पहुंचकर धरना देना और घेराव का प्रयास करना लोकतांत्रिक व्यवस्था और राजनीतिक शिष्टाचार के अनुरूप नहीं है।
उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से जिम्मेदार और मर्यादित आचरण की अपेक्षा की जाती है। खजान दास ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से लोकतांत्रिक परंपराओं और मर्यादाओं की अनदेखी की।
विपक्ष को मर्यादाओं से बात रखने का अधिकार
बीजेपी नेता ने कहा कि विपक्ष को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है लेकिन इसके लिए निर्धारित प्रक्रियाओं और संस्थागत मर्यादाओं का पालन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए सभी राजनीतिक दलों को जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करना जरूरी है।
खजान दास ने बीजेपी द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी का प्रदर्शन कांग्रेस को लोकतांत्रिक मर्यादाओं और उसकी जिम्मेदारियों का एहसास कराने के उद्देश्य से किया गया था।
विरोध का तरीका संवैधानिक
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विरोध और असहमति का स्थान है लेकिन विरोध का तरीका भी गरिमापूर्ण और संवैधानिक होना चाहिए। बीजेपी ने कांग्रेस से राजनीतिक गतिविधियों में मर्यादा और जिम्मेदारी बनाए रखने की अपील की।