हरिद्वार : वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटकों के लिए अच्छी खबर है। पांच माह की वार्षिक बंदी के बाद 15 नवंबर से राजाजी टाइगर रिजर्व के सभी गेट पर्यटकों के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके साथ ही पर्यटक एक बार फिर जंगल सफारी का आनंद ले सकेंगे। हरिद्वार रेंज के अंतर्गत रानीपुर सफारी गेट पर भी पर्यटकों के स्वागत और सुरक्षित सफारी के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
आभा रतूड़ी ने किया निरीक्षण
सफारी शुरू होने से पहले वन विभाग की ओर से व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का काम किया गया है। वन क्षेत्राधिकारी आभा रतूड़ी ने वन कर्मियों के साथ रानीपुर सफारी के विभिन्न मार्गों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान रावली छिड़क और हरनौल सहित अन्य सफारी मार्गों का निरीक्षण किया गया। वन अधिकारियों ने मार्गों की स्थिति सुरक्षा व्यवस्था और पर्यटकों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया।
वन विभाग की ओर से सफारी मार्गों को दुरुस्त करने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है। इस बार सफारी के दौरान पर्यटकों की सुरक्षा और उन्हें बेहतर अनुभव उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। विभाग की कोशिश है कि जंगल सफारी के दौरान पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी न हो और वन्यजीवों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सके।
सफारी के नियमों की सावधानी
वहीं इस बार सफारी के नियमों में भी पर्यटकों को विशेष सावधानी बरतनी होगी। न्यायालय के निर्देशों के बाद सफारी के दौरान पर्यटकों को अपने साथ मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण NTCA की ओर से जारी दिशा-निर्देशों और सफारी के लिए निर्धारित समय-सीमा का भी पूरी तरह पालन कराया जाएगा।
वन विभाग की ओर से पर्यटकों से अपील की गई है कि वे सफारी के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करें और वन्यजीवों को किसी भी तरह से परेशान न करें।
पांच माह के लंबे अंतराल के बाद राजाजी टाइगर रिजर्व के गेट खुलने से एक बार फिर जंगल सफारी की रौनक लौटने की उम्मीद है। इससे वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटकों को प्राकृतिक वातावरण में वन्यजीवों को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।