हरिद्वार : उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री और खेल मंत्री रेखा आर्या आगामी 10 अगस्त को हरिद्वार की प्रसिद्ध हरकी पैड़ी से ऋषिकेश स्थित वीरभद्र महादेव मंदिर तक 22 किलोमीटर लंबी कांवड़ यात्रा निकालने जा रही हैं। इस यात्रा को खेल भक्ति और राष्ट्रीय संकल्प के अनूठे संगम के रूप में आयोजित किया जा रहा है।
संतों का लिया आशीर्वाद
कांवड़ यात्रा की सफलता जनजागरूकता और भारत में वर्ष 2036 के ओलंपिक आयोजन के राष्ट्रीय संकल्प को मजबूती देने के उद्देश्य से मंत्री रेखा आर्या हरिद्वार पहुंचीं। यहां उन्होंने मां मनसा देवी चरण पादुका स्थल पहुंचकर संतों का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष सहित अन्य संतों से भी मुलाकात कर यात्रा के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया।
मीडिया से बातचीत करते हुए रेखा आर्या ने बताया कि इस वर्ष की कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि इसके माध्यम से खेलों को बढ़ावा देने और भारत के ओलंपिक मिशन को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
खेल महाशक्ति स्थापित करने का लक्ष्य
उन्होंने कहा कि 22 किलोमीटर की यह पैदल यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस राष्ट्रीय संकल्प को ऊर्जा देने का माध्यम बनेगी जिसमें भारत को वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी दिलाने और देश को खेल महाशक्ति के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है।
मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि इससे पहले भी उनके द्वारा कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया था जो बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और लैंगिक समानता जैसे सामाजिक संदेशों को समर्पित थी। उन्होंने कहा कि उस अभियान के सकारात्मक परिणाम प्रदेश में देखने को मिले हैं।
फिटनेस के प्रति जागरूकता
उन्होंने बताया कि इस बार की यात्रा में धार्मिक आस्था के साथ-साथ युवाओं को खेलों से जोड़ने फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने और भारत के खेल भविष्य के लिए सकारात्मक माहौल तैयार करने का संदेश दिया जाएगा।
रेखा आर्या ने संत समाज का आशीर्वाद प्राप्त करने के बाद कहा कि कांवड़ यात्रा समाज को जोड़ने और सकारात्मक संदेश देने का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी लोगों से इस यात्रा को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की।