ऋषिकेश जो विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा का प्रथम पड़ाव माना जाता है वहां श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए एक नया और अनोखा धार्मिक अनुभव विकसित किया जा रहा है। नगर निगम द्वारा पुराना नगर निगम परिसर में निर्माणाधीन बहुमंजिला पार्किंग अब केवल वाहनों की पार्किंग सुविधा तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि यह एक सांस्कृतिक और धार्मिक अनुभव केंद्र के रूप में भी विकसित की जा रही है।
हिमालय की अलौकिक प्राकृतिक छटा
इस परियोजना के तहत यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को चारधाम—केदारनाथ बद्रीनाथ गंगोत्री और यमुनोत्री—की 3D झलकियां देखने को मिलेंगी। इसके साथ ही हिमालय की अलौकिक प्राकृतिक छटा को भी विशेष तकनीक के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा जिससे लोगों को एक दिव्य और आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त होगा।
जानकारी के अनुसार इस निर्माणाधीन बहुमंजिला पार्किंग का लगभग 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। परियोजना के निर्माण कार्य को गति देने के लिए नगर निगम प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है।
नगर निगम कार्यालय का निरीक्षण
इसी क्रम में मेयर शंभू पासवान ने निर्माणाधीन बहुमंजिला पार्किंग और नगर निगम कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर अधिकारियों के साथ निर्माण कार्य की विस्तृत समीक्षा की और कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए शेष कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मेयर ने कहा कि यह परियोजना ऋषिकेश की धार्मिक और पर्यटन पहचान को और मजबूत करेगी तथा चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को एक नया अनुभव प्रदान करेगी।