तीर्थनगरी ऋषिकेश में उत्तराखंड का पहला मेयर सम्मेलन आयोजित किया गया जो राज्य के शहरी विकास क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक पहल मानी जा रही है। इस सम्मेलन में देशभर से लगभग 60 मेयरों ने प्रतिभाग किया और शहरी विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
शहरी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए रणनीति
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य नगर निकायों के अनुभवों को साझा करना शहरी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए साझा रणनीति तैयार करना और आपसी समन्वय को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम के दौरान नगर निकायों की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल स्थानीय विधायक प्रेम चंद्र अग्रवाल सहित कई गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे।
सीएम धामी ने किया मेयरों के संवाद
सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने विभिन्न राज्यों से आए मेयरों के साथ सीधा संवाद किया। इस दौरान नगर विकास से जुड़ी चुनौतियों स्थानीय समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। मेयरों ने अपने-अपने क्षेत्रों के अनुभव साझा किए और बेहतर शहरी प्रबंधन के लिए सुझाव दिए।
राज्य सरकार इस सम्मेलन को शहरी विकास के लिए अनुभव साझा करने और नीति निर्माण का एक महत्वपूर्ण मंच मान रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस पहल से नगर निकायों के बीच सहयोग बढ़ेगा और शहरी विकास कार्यों में गति आएगी।