रुड़की की राजनीति में उस समय बड़ा भूचाल आ गया जब पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा पर गंभीर आरोप लगाते हुए जान से मारने की धमकी देने का दावा किया। गौरव गोयल का कहना है कि एक फेसबुक पोस्ट के बाद मंत्री समर्थक उनके कैंप कार्यालय पहुंचे और पोस्ट हटाने का दबाव बनाया। पूरे मामले ने शहर की सियासत को गरमा दिया है।
फेसबुक पोस्ट डिलीट करने का दबाव
पूर्व मेयर गौरव गोयल ने अपने कैंप कार्यालय पर प्रेसवार्ता करते हुए आरोप लगाया कि कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा का एक समर्थक उनके पास पहुंचा। उन्होंने दावा किया कि समर्थक ने फेसबुक पोस्ट डिलीट करने का दबाव बनाया और जेल भिजवाने तक की धमकी दी। गौरव गोयल ने आरोप लगाया कि मंत्री प्रदीप बत्रा शहर की कई विवादित संपत्तियों में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से शामिल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनके बहन-बहनोई से जुड़े मामले में कोर्ट तारीख के दौरान पुलिस कार्रवाई मंत्री के दबाव में कराई गई।
निष्पक्ष कार्रवाई की मांग
पूर्व मेयर ने कहा कि मंत्री बनने के बाद प्रदीप बत्रा ने दबंगई का रास्ता अपना लिया है और अब राजनीतिक विरोधियों को डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने पूरे मामले में पुलिस को तहरीर देने की बात कही और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। फिलहाल इस पूरे मामले में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है लेकिन पूर्व मेयर के इन गंभीर आरोपों के बाद रुड़की की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। अब सबकी नजर पुलिस कार्रवाई और मंत्री पक्ष के जवाब पर टिकी हुई है।