चंपावत जिले के लोहाघाट ब्लॉक के नेपाल सीमा से सटे लेटी डुंगरा क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को अब इंटरमीडिएट की पढ़ाई के लिए रोजाना 25 किलोमीटर पैदल चलने की मजबूरी से राहत मिल गई है। जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार की पहल पर विद्या वाहिनी कार्यक्रम के तहत छात्रों के लिए स्कूल वाहन की व्यवस्था कर दी गई है। अब क्षेत्र के छात्र-छात्राएं वाहन के माध्यम से राजकीय इंटर कॉलेज मडलक पहुंचकर अपनी पढ़ाई कर सकेंगे।
बरसात के मौसम में सफर करना कठिन
दरअसल लेटी डुंगरा क्षेत्र में हाईस्कूल के बाद इंटरमीडिएट स्तर का विद्यालय नहीं है। ऐसे में छात्रों को आगे की पढ़ाई के लिए जीआईसी मडलक जाना पड़ता था। विद्यालय आने-जाने के लिए उन्हें प्रतिदिन करीब 25 किलोमीटर पैदल सफर तय करना पड़ता था। गर्मी और बरसात के मौसम में यह सफर बेहद कठिन साबित होता था जिससे छात्रों की पढ़ाई भी प्रभावित होती थी। दूरी अधिक होने के कारण कई विद्यार्थियों ने हाईस्कूल के बाद पढ़ाई भी छोड़ दी थी।
इस गंभीर समस्या को क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि प्रवीण पांडे ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जिलाधिकारी मनीष कुमार तथा जिले के प्रभारी मंत्री के समक्ष प्रमुखता से उठाया। वहीं छात्र-छात्राओं ने भी मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी से उनकी समस्या के समाधान की मांग की थी।
जिलाधिकारी ने की त्वरित कार्रवाई
मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने त्वरित कार्रवाई की और विद्या वाहिनी कार्यक्रम के तहत लेटी डुंगरा क्षेत्र के छात्रों के लिए दो स्कूल वाहनों की व्यवस्था कराई। अब छात्र-छात्राएं सुरक्षित और समय पर विद्यालय पहुंच सकेंगे।
वाहन सुविधा मिलने से छात्रों और अभिभावकों में खुशी का माहौल है। छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिलाधिकारी मनीष कुमार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सबसे बड़ी समस्या का समाधान हो गया है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री से क्षेत्र में इंटरमीडिएट स्तर के विद्यालय के उच्चीकरण की मांग भी की।
बच्चों की बड़ी समस्या का समाधान
क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि प्रवीण पांडे ने कहा कि मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी ने सीमांत क्षेत्र के बच्चों की सबसे बड़ी समस्या का समाधान किया है। उन्होंने बताया कि स्कूल आने-जाने के लिए दो वाहनों की व्यवस्था की गई है जिससे अब बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा और वे नियमित रूप से समय पर विद्यालय पहुंच सकेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिलाधिकारी चंपावत की ओर से किए गए इस प्रयास के लिए समस्त क्षेत्रवासियों और छात्र-छात्राओं की ओर से आभार व्यक्त किया।
वाहनों को हरी झंडी
स्कूल वाहन सेवा के शुभारंभ के दौरान पहली बार वाहन से विद्यालय जाते हुए छात्र-छात्राओं के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। इस अवसर पर लोहाघाट ब्लॉक प्रमुख महेंद्र ढेक दर्जा राज्य मंत्री सुभाष बगौली तथा भाजपा नेता मोहित पाठक ने स्कूल वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख ने सभी छात्र-छात्राओं को छातों का वितरण भी किया।
अभिभावकों ने भी शासन-प्रशासन का धन्यवाद देते हुए कहा कि लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान होने से उनके बच्चों की शिक्षा अब बाधित नहीं होगी। उन्होंने इस मुद्दे को लगातार उठाने के लिए जनप्रतिनिधि प्रवीण पांडे का भी आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि भविष्य में भी वे क्षेत्र की अन्य समस्याओं को इसी तरह प्रमुखता से उठाकर उनका समाधान कराएंगे।
सल्ली में स्कूल वाहन की व्यवस्था
जिला प्रशासन ने केवल लेटी डुंगरा ही नहीं बल्कि सल्ली सायली बिरगुल गोली नौलापानी बुडम और सुकनी क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं के लिए भी स्कूल वाहन की व्यवस्था की है। इस निर्णय से इन क्षेत्रों के विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा जिलाधिकारी मनीष कुमार का आभार व्यक्त किया।