मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर 4 से 18 जुलाई तक संचालित सेवा पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत चंपावत जिले के विकासखंड लोहाघाट की ग्राम पंचायत भूमलाई के खूनाबोरा में जन-समस्या निवारण एवं बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी मनीष कुमार ने की जबकि दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी सहित अन्य गणमान्य ने विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।
डीएम ने स्टॉलों का किया निरीक्षण
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं से जोड़ा जाए। शिविर में 24 विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई तथा मौके पर ही लाभार्थियों को सेवाएं प्रदान कीं। शिविर के दौरान कुल 109 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। चिकित्सा विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण आयुष विभाग द्वारा होम्योपैथिक चिकित्सा एवं औषधि वितरण कृषि विभाग द्वारा कृषि संबंधी जानकारी एवं उपकरण उपलब्ध कराए गए। साथ ही विभिन्न प्रमाण-पत्रों के निर्गमन खाता-खतौनी में नाम दर्ज करने सहित अन्य जनसेवाओं का भी मौके पर निस्तारण किया गया।
समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
शिविर के दौरान ग्रामीणों की समस्याओं एवं विकास संबंधी मांगों से जुड़े लगभग 25 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें पेयजल विद्युत सड़क पुल एवं कलवर्ट निर्माण पौराणिक मंदिरों के सौंदर्यीकरण विद्यालयों में फर्श निर्माण तथा अन्य विकास कार्यों से संबंधित प्रार्थना-पत्र शामिल रहे। जिलाधिकारी ने सभी आवेदनों पर संबंधित विभागों को आवश्यक एवं समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि सेवा पखवाड़ा का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों तक प्रशासन एवं सरकारी योजनाओं की सीधी पहुँच सुनिश्चित करना है ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
योजनाओं का लाभ उठाने की अपील
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार ऐसे क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित कर आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से आगामी शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी व मुकेश महराना ने कहा कि शिविरों के माध्यम से सरकार दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जिन विषयों पर शासन स्तर पर निर्णय अपेक्षित होगा उन्हें प्राथमिकता के साथ शासन के समक्ष रखा जाएगा।