उत्तरकाशी जिले में निर्माणाधीन सिल्क्यारा टनल में बड़ा हादसा हो गया। बड़कोट साइड से लगभग 900 मीटर अंदर टनल की कंक्रीट शॉटक्रीट लाइनिंग का एक ब्लॉक अचानक टूटकर गिर गया जिसकी चपेट में आने से एक कार्मिक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया।
जिलाधिकारी ने लिया हादसे का संज्ञान
हादसे का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने उपजिलाधिकारी बड़कोट को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर स्थिति का विस्तृत जायजा लेने हादसे के वास्तविक कारणों की जांच करने और कार्यदायी संस्था द्वारा अपनाए जा रहे सुरक्षा मानकों की गहन समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि घटना की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी और यदि सुरक्षा मानकों में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पीड़ित श्रमिक के परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा सभी आवश्यक वैधानिक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश भी दिए।
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
प्रशासन ने टनल के भीतर कार्यरत अन्य श्रमिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की दोबारा समीक्षा की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक और वैधानिक कदम तत्काल उठाए जाएं ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल हादसे के कारणों की जांच जारी है और प्रशासन की ओर से विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।