चंपावत : जनपद में कानून-व्यवस्था और सीमा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चंपावत रेखा यादव ने बनबसा स्थित भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शारदा बैराज और आईसीपी चेक पोस्ट पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
सुरक्षा कर्मियों की कार्यप्रणाली
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सीमा क्षेत्र में तैनात सुरक्षा कर्मियों की कार्यप्रणाली आगंतुकों के सत्यापन की प्रक्रिया दस्तावेजों की जांच और चेकिंग व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से सीमा सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी रेखा यादव ने सभी पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में विशेष सतर्कता और लगातार निगरानी बनाए रखें। उन्होंने कहा कि संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाए तथा सीमा से आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति का नियमानुसार सत्यापन सुनिश्चित किया जाए।
सीमा क्षेत्र की सुरक्षा संवेदनशील
उन्होंने पुलिस कर्मियों को अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि सीमा क्षेत्र की सुरक्षा बेहद संवेदनशील विषय है किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुशासन सजगता और पूर्ण जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की आवश्यकता है।
पुलिस कर्मियों का मनोबल
निरीक्षण के दौरान एसपी रेखा यादव ने पुलिस कर्मियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि उनकी सतर्कता और जिम्मेदारी से ही सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी कर्मचारियों को लगातार सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्च अधिकारियों को देने के निर्देश दिए।