सुमटी गांव की बेटी और क्रिकेटर प्रेमा रावत का भारतीय महिला टी-20 विश्व कप टीम में चयन हुआ है जिससे पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। प्रेमा रावत जो दाएं हाथ की बल्लेबाज और लेग स्पिन गेंदबाज हैं ने घरेलू क्रिकेट में उत्तराखंड महिला टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा और मेहनत से खास पहचान बनाई है।
उत्तराखंड क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि
उनके चयन को उत्तराखंड क्रिकेट के इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। 24 वर्षीय प्रेमा रावत ने लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर भारतीय सीनियर महिला टीम में जगह बनाई है और अब वे विश्व कप जैसे बड़े मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार हैं।
इन दिनों प्रेमा छुट्टियां मनाने अपने गांव सुमटी पहुंची हुई हैं जहां उनका भव्य स्वागत और सम्मान किया जा रहा है। उनकी मां बसंती देवी और भाई विमल रावत ने ग्रामीणों के साथ मिलकर इस उपलब्धि की खुशी साझा की। गांव में लोगों ने मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया और एक-दूसरे को बधाई दी।
ग्राम प्रधान ने दीं शुभकामनाएं
इसी क्रम में ग्राम प्रधान विमला देवी और अन्य ग्रामीणों ने प्रेमा रावत के घर पहुंचकर उनकी मां भाई दादी हरूली देवी और बुआ चंद्रा देवी को मिठाई खिलाई और शुभकामनाएं दीं। सभी ने प्रेमा के चयन को गांव के लिए गर्व और खुशी का सबसे बड़ा क्षण बताया।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रेमा रावत की यह उपलब्धि न केवल सुमटी गांव बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए प्रेरणा है और इससे क्षेत्र की अन्य बेटियों को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।