उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में 18 वर्षीय दलित छात्र केतन लाल की हत्या का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया है। जानकारी के अनुसार आरोप है कि नाबालिग लड़की से दोस्ती को लेकर केतन लाल के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की जिससे उसकी मौत हो गई।
विभिन्न संगठनों में नाराजगी
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों में नाराजगी देखी जा रही है।
इधर हरिद्वार में इस मामले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी अनुसूचित विभाग ने सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई फांसी की सजा और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की गई है।
समाज में गंभीर सवाल किए खड़े
कांग्रेस एससी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष तीर्थपाल रवि ने कहा कि यह घटना बेहद निंदनीय है और समाज में गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने सरकार से मांग की कि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए पीड़ित परिवार को सुरक्षा दी जाए और आर्थिक मदद के रूप में 50 लाख रुपये मुआवजा तथा घायल परिवार के लिए 25 लाख रुपये सहायता राशि प्रदान की जाए।