लालकुआँ तहसील में आयोजित तहसील दिवस के दौरान अधिकारियों की भारी लापरवाही सामने आई। जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में कई विभागों के जिम्मेदार अधिकारी नदारद मिले जिससे फरियादियों को निराशा का सामना करना पड़ा। अधिकारियों की अनुपस्थिति पर स्थानीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और मामले की शिकायत जिलाधिकारी से की।
फरियादियों ने देखीं कुर्सियां खाली
तहसील दिवस में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं और शिकायतों को लेकर तहसील कार्यालय पहुंचे थे। लेकिन जब फरियादियों ने वहां अधिकारियों की खाली कुर्सियां देखीं तो वे हैरान रह गए। लोगों का आरोप था कि जिन अधिकारियों के सामने उन्हें अपनी समस्याएं रखनी थीं वे मौके पर मौजूद ही नहीं थे।
इस दौरान विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट भी तहसील दिवस का निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि कई विभागों के अधिकारी न तो स्वयं उपस्थित थे और न ही उन्होंने अपने स्थान पर किसी प्रतिनिधि को भेजा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने उपस्थिति रजिस्टर की जांच की।
रजिस्टर की जांच में चौंकाने वाला तथ्य
रजिस्टर की जांच में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया। रजिस्टर में 16 अधिकारियों के हस्ताक्षर दर्ज थे लेकिन मौके पर केवल चार अधिकारी ही मौजूद मिले। इससे स्पष्ट हुआ कि कई अधिकारियों ने उपस्थिति दर्ज कराकर कार्यक्रम स्थल छोड़ दिया था।
अधिकारियों की इस कार्यशैली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए विधायक ने इसे जनता के प्रति गैर-जिम्मेदाराना रवैया बताया। उन्होंने कहा कि तहसील दिवस जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का समाधान करना है लेकिन अधिकारियों की अनुपस्थिति से सरकार की मंशा पर भी सवाल खड़े होते हैं।
लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई
विधायक ने तत्काल जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल से दूरभाष पर वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं तहसील दिवस में पहुंचे फरियादियों ने भी अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई और प्रशासन से ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ क्या कदम उठाए जाते हैं।