हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र स्थित बैरागी कैंप में कुछ युवकों का स्टंट उस समय भारी पड़ गया जब उन्होंने थार SUV के इंजन की क्षमता जांचने के लिए उसे गंगा की मुख्य धारा नीलधारा में उतार दिया। शुरुआत में वाहन कुछ दूरी तक पानी में चलता रहा लेकिन देखते ही देखते बीच धारा में फंस गया और बाहर निकलना मुश्किल हो गया। पानी का बहाव तेज होने के कारण थार धीरे-धीरे डूबने लगी जिससे वाहन में सवार युवकों में हड़कंप मच गया।
युवकों ने मदद के लिए मचाया शोर
स्थिति बिगड़ने पर युवकों ने मदद के लिए शोर मचाया। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए और सूचना मिलने पर कनखल पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। काफी मशक्कत के बाद क्रेन और जेसीबी की मदद से थार को गंगा की धारा से सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि वाहन में सवार दोनों युवकों को स्थानीय लोगों ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में थार को गंगा की धारा में फंसा देखा जा सकता है जिसे लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस के अनुसार गंगा किनारे स्टंट करने के दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया जिसके चलते थार नदी में फंस गई।
ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई
पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कनखल पुलिस लगातार हुड़दंग और स्टंट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत इस घटना में प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। क्रेन की सहायता से डूबी हुई थार को बाहर निकाला गया और सार्वजनिक स्थान पर खतरनाक स्टंट करने के आरोप में थार को सीज कर दिया गया।
कनखल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि गंगा किनारे या सार्वजनिक स्थानों पर इस प्रकार के खतरनाक स्टंट न करें। ऐसे कृत्य न केवल स्वयं की जान को जोखिम में डालते हैं बल्कि अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करते हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।