चमोली जनपद के अभिषेक गुप्ता मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देश पर थराली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जली हुई सरकारी दवाइयों के मामले की औपचारिक जांच शुरू कर दी गई है। कुछ दिनों पहले इस स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बड़ी मात्रा में सरकारी दवाइयों के जलाए जाने का मामला सामने आया था जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे थे।
भगवती प्रसाद पुरोहित जांच अधिकारी नियुक्त
मामले की गंभीरता को देखते हुए भगवती प्रसाद पुरोहित मुख्य चिकित्सा अधीक्षक उपजिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं जांच टीम में कर्णप्रयाग उपजिला चिकित्सालय के चीफ फार्मासिस्ट अनिल कुमार मिश्रा को भी शामिल किया गया है।
जांच टीम ने थराली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर मौके का निरीक्षण किया और दवाओं से संबंधित स्टॉक रजिस्टर सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों को एकत्र किया। टीम ने उस स्थान का भी निरीक्षण किया जहां कथित रूप से दवाइयों को जलाया गया था।
मास्क का जखीरा मिलने से हड़कंप
इसके अलावा जांच के दौरान अस्पताल के पास स्थित चिकित्सकों के सरकारी आवास के एक कमरे से एक्सपायरी दवाइयों और मास्क का बड़ा जखीरा भी बरामद हुआ है जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
जांच अधिकारी भगवती प्रसाद पुरोहित ने बताया कि मुख्य चिकित्साधिकारी चमोली के निर्देश पर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पूरी जांच रिपोर्ट 7 दिनों के भीतर मुख्य चिकित्साधिकारी को सौंप दी जाएगी जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।