मानसून सीजन को देखते हुए थराली तहसील प्रशासन ने आपदा प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में तहसील सभागार में उपजिलाधिकारी यशवीर सिंह की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोक निर्माण विभाग पीएमजीएसवाई ब्रिडकुल बीआरओ सशस्त्र सीमा बल वन विभाग स्वास्थ्य विभाग विद्युत विभाग जल संस्थान समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
विभागवार तैयारियों की समीक्षा
बैठक के दौरान उपजिलाधिकारी ने संभावित आपदाओं के मद्देनजर विभागवार तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सड़क निर्माणदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि मानसून के दौरान किसी भी सड़क के बंद होने की स्थिति में उसे शीघ्र खोलने के लिए पर्याप्त संख्या में जेसीबी मशीनें और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखें। उपजिलाधिकारी ने जल संस्थान को आपदा के दौरान पेयजल आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। वहीं विद्युत विभाग को मानसून से पहले झूलते हुए बिजली के तारों को दुरुस्त करने तथा विद्युत आपूर्ति बाधित न हो इसके लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।
सुरक्षित प्रसव करने के लिए व्यवस्थाएं रखने के निर्देश
बैठक में स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। उपजिलाधिकारी ने तहसील क्षेत्र में पंजीकृत गर्भवती महिलाओं की जानकारी लेते हुए सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक संसाधन और व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
15 जून तक पर्याप्त खाद्यान्न पहुंचाना सुनिश्चित
इसके अलावा पूर्ति विभाग को निर्देश दिए गए कि दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में 15 जून तक सितंबर माह तक के लिए पर्याप्त खाद्यान्न पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए ताकि आपदा या मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उपजिलाधिकारी यशवीर सिंह ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और आपदा की किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क एवं अलर्ट रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान जन-जीवन को सुरक्षित रखने और आवश्यक सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए सभी विभाग अपनी तैयारियां समय रहते पूरी कर लें।