जम्मू-कश्मीर में दर्ज यूएपीए गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम मामले और करोड़ों रुपये के संदिग्ध वित्तीय लेनदेन की जांच में लगातार नए खुलासे सामने आ रहे हैं। रुड़की की शिक्षिका सोनम की गिरफ्तारी के बाद अब उसकी करीबी सहेली पूजा को भी जम्मू-कश्मीर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने के लिए कार्रवाई तेज कर रही हैं।
पाकिस्तान से जुड़े नेटवर्क
जानकारी के अनुसार पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क और जम्मू-कश्मीर के कुछ लोगों के माध्यम से किए गए वित्तीय लेनदेन की जांच के दौरान पूजा की भूमिका सामने आई। जांच एजेंसियों को मिले डिजिटल साक्ष्यों और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों के आधार पर पूजा को हिरासत में लिया गया।
हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण में यह तथ्य सामने आया है कि पूजा भी सोनम की तरह संदिग्ध बैंक खातों में धनराशि के लेनदेन से जुड़ी हुई थी। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों महिलाएं व्हाट्सएप के माध्यम से इस नेटवर्क के संपर्क में थीं और नियमित रूप से संवाद कर रही थीं।
पूजा अदालत में पेश
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने स्थानीय स्तर पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पूजा को अदालत में पेश किया। इसके बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ जम्मू-कश्मीर ले जाया गया जहां उससे आगे की पूछताछ की जाएगी।
संदिग्ध धनराशि का उपयोग
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा संदिग्ध धनराशि का अंतिम उपयोग किस उद्देश्य के लिए किया जा रहा था। अधिकारियों का मानना है कि मामले में आगे और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
फिलहाल हरिद्वार पुलिस और जम्मू-कश्मीर पुलिस के बीच समन्वय स्थापित कर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। जांच एजेंसियां डिजिटल रिकॉर्ड बैंकिंग ट्रांजैक्शन और संचार माध्यमों से जुड़े साक्ष्यों का गहन विश्लेषण कर रही हैं ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।