उत्तराखंड क्रांति दल यूकेडी युवा प्रकोष्ठ के संगठन विस्तार अभियान के तहत काशीपुर में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष प्रदीप मैंदोलिया के नेतृत्व में युवा प्रकोष्ठ की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया तथा कई युवाओं को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
जितेंद्र सिंह चौहान बने महानगर अध्यक्ष
नई नियुक्तियों के तहत जितेंद्र सिंह चौहान को महानगर अध्यक्ष जबकि अनमोल शर्मा और पवन कश्यप को महानगर उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित केंद्रीय मीडिया प्रभारी आयुष रावत ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा किसी भी संगठन की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। उन्होंने युवाओं से संगठन की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर सक्रियता से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन और अधिक मजबूत होगा।
युवाओं को संगठन से जोड़ना उद्देश्य
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष प्रदीप मैंदोलिया ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़कर उत्तराखंड के मूल निवासियों के अधिकार रोजगार शिक्षा और क्षेत्रीय स्वाभिमान जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर मजबूत जनआंदोलन खड़ा करना है। उन्होंने कहा कि संगठन जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाता रहेगा और प्रदेश के युवाओं की आवाज को बुलंद करेगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड क्रांति दल प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगा और पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने का प्रयास करेगा।