प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से पेट्रोल-डीजल और ईंधन की खपत कम करने की अपील का असर अब उत्तराखंड में साफ दिखाई देने लगा है। इसी कड़ी में देहरादून स्थित सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में नो व्हीकल डे का पालन लगातार किया जा रहा है।
ऊर्जा संरक्षण का मजबूत संदेश
शनिवार को एक बार फिर सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी साइकिल से कार्यालय पहुंचे जिससे विभाग में ऊर्जा संरक्षण का संदेश और मजबूत हुआ। यह दूसरा शनिवार था जब उन्होंने साइकिल का उपयोग किया। उनके साथ-साथ विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी निजी वाहनों का उपयोग छोड़कर सार्वजनिक परिवहन साइकिल और इलेक्ट्रिक वाहनों के माध्यम से दफ्तर पहुंचे।
सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों और ईंधन संकट को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा ऊर्जा बचाने की अपील की गई है। इसी के तहत विभाग ने हर शनिवार को नो व्हीकल डे के रूप में लागू किया है जिसका उद्देश्य लोगों को ईंधन की बचत और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।
अधिकारियों ने निभाई सक्रिय भागीदारी
उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल ईंधन की खपत कम करने में मदद कर रही है बल्कि लोगों में स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति भी सकारात्मक संदेश दे रही है। विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं और लगातार इसे सफल बनाने में योगदान दे रहे हैं।
इस पहल के चलते देहरादून में सरकारी दफ्तरों में एक सकारात्मक माहौल देखने को मिल रहा है जहां लोग पारंपरिक वाहनों की जगह पर्यावरण हितैषी विकल्पों को अपना रहे हैं।