हरिद्वार : उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। कांग्रेस भी चुनावी मैदान में पूरी सक्रियता के साथ उतर चुकी है। इसी क्रम में हरिद्वार जिले की रानीपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस का जनसंपर्क अभियान लगातार तेज होता दिखाई दे रहा है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में लगातार नुक्कड़ सभाएं आयोजित कर लोगों से सीधे संवाद कर रहे हैं।
आलोक शर्मा ने की आवाज बुलंद
नुक्कड़ सभाओं के दौरान आलोक शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना और उन्हें प्रमुखता से उठाना है। उन्होंने कहा कि पार्टी जनहित से जुड़े मुद्दों पर लगातार आवाज बुलंद कर रही है और आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
इस दौरान उन्होंने महंगाई बेरोजगारी कानून-व्यवस्था शिक्षा स्वास्थ्य और स्थानीय विकास जैसे मुद्दों को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि इन अहम विषयों पर सरकार अपेक्षित कार्य नहीं कर पाई है जिससे आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदेश की जनता को बदलाव की चाह
आलोक शर्मा ने दावा किया कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को अवसर देने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि पार्टी बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और लोगों के बीच लगातार पहुंच बनाने का काम कर रही है।
वहीं कांग्रेस नेता अखिलेश मिश्रा ने भी पार्टी की चुनावी रणनीति और जनसंपर्क अभियान पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुन रहे हैं और स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी आगामी चुनाव में मजबूत प्रदर्शन करेगी।
कांग्रेस की लगातार बढ़ती सक्रियता
रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की लगातार बढ़ती सक्रियता से राजनीतिक माहौल गर्माने लगा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चुनाव से पहले सभी दल जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटे हैं। ऐसे में आने वाले समय में रानीपुर सहित पूरे उत्तराखंड में चुनावी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।