उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी संगठन में नई ऊर्जा का संचार किया। देहरादून स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित महत्वपूर्ण बैठकों में बूथ प्रबंधन संगठन विस्तार और चुनावी रणनीति को लेकर विस्तृत मंथन किया गया।
कमेटी के सदस्यों को दिए निर्देश
बैठक के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश कोर कमेटी के सदस्यों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास कर जमीनी स्तर पर फीडबैक लें और बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत करें।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इस अवसर पर कहा कि भाजपा देवतुल्य जनता और समर्पित कार्यकर्ताओं के बल पर उत्तराखंड में जीत की हैट्रिक दर्ज करने जा रही है। उन्होंने संगठन की एकजुटता और जनता के बीच पार्टी की पकड़ को और मजबूत बताया।
सीएम धामी ने योजनाओं पर दिया जोर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में बैठक के दौरान संगठनात्मक मजबूती और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
भाजपा नेतृत्व का मानना है कि मजबूत संगठन और जनसंपर्क अभियान के दम पर पार्टी 2027 चुनाव में एक बार फिर बड़ी जीत हासिल करेगी।