उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों और चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि राज्य में मानसून का दौर शुरू हो चुका है और मौसम विभाग ने अगले 10 दिनों के लिए कुछ जनपदों में हाई अलर्ट जारी किया है।
सरकार आपदा से निपटने के लिए तैयार
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार संभावित आपदा और खराब मौसम की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया कि आपदा प्रबंधन विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने और आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लगातार मौसम की निगरानी की जा रही है और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जाएं ताकि जन-धन की हानि को न्यूनतम रखा जा सके।
प्रदेशवासियों को किया आश्वस्त
उन्होंने प्रदेशवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। साथ ही चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। यात्रा मार्गों संवेदनशील स्थानों और आवश्यक सेवाओं पर संबंधित विभाग लगातार नजर बनाए हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि खराब मौसम के बावजूद आम जनता और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए।