उत्तराखंड सरकार राज्य में नई खेल नीति-2026 लागू करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। खेल विभाग ने नई नीति के मसौदे को तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी को लेकर खेल मंत्री रेखा आर्या ने विधानसभा स्थित कार्यालय में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और प्रस्तावित खेल नीति के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं प्रशिक्षण कराना
बैठक में खेल मंत्री ने कहा कि वर्ष 2021 में लागू की गई खेल नीति में अब समय और खिलाड़ियों की बदलती जरूरतों के अनुसार संशोधन किए जाने की आवश्यकता है। नई खेल नीति का उद्देश्य राज्य के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं प्रशिक्षण के अवसर और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए मजबूत मंच उपलब्ध कराना है।
खास बात यह है कि नई खेल नीति-2026 को तैयार करने में केवल विभागीय स्तर पर निर्णय नहीं लिए जाएंगे बल्कि खिलाड़ियों खेल प्रेमियों और आम जनता की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। सरकार ने प्रदेशवासियों से सुझाव आमंत्रित किए हैं ताकि नीति को अधिक प्रभावी और उपयोगी बनाया जा सके।
प्राप्त सुझावों की समीक्षा
सरकार की ओर से बताया गया है कि इच्छुक लोग अपने सुझाव ऑनलाइन पोर्टल ईमेल डाक और क्यूआर कोड के माध्यम से अगले 15 दिनों के भीतर भेज सकते हैं। प्राप्त सुझावों की समीक्षा के बाद उपयोगी और बेहतर सुझावों को नई खेल नीति में शामिल किया जाएगा।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि उत्तराखंड में खेलों के लिए बेहतर माहौल तैयार किया जाए और खिलाड़ियों को उनकी प्रतिभा के अनुसार आगे बढ़ने के अधिक अवसर मिलें। उन्होंने यह भी बताया कि नई खेल नीति के लिए महत्वपूर्ण सुझाव देने वाले लोगों को सरकार की ओर से सम्मानित किया जाएगा।
नई खेल नीति-2026 के माध्यम से सरकार का लक्ष्य राज्य में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना खेल सुविधाओं का विस्तार करना और उत्तराखंड को खेल के क्षेत्र में और मजबूत पहचान दिलाना है।