उत्तराखंड में जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नज़दीक आते जा रहे हैं वैसे-वैसे राजनीतिक गतिविधियां भी तेज़ होती जा रही हैं। सभी राजनीतिक दल जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने और चुनावी जमीन तैयार करने में जुट गए हैं। इसी कड़ी में बीएसपी पार्टी के लक्सर विधायक मोहम्मद शहजाद ने अपने कैंप कार्यालय पर क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं और आम लोगों की बैठक कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की।
मोहम्मद शहजाद का भाजपा सरकार पर निशाना
बैठक के दौरान विधायक मोहम्मद शहजाद ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एसआईआर के माध्यम से मतदाताओं के वोट काटने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्र की जनता से अपील की कि वे अपने मताधिकार की सुरक्षा के लिए सतर्क रहें और समय रहते अपने वोट का सत्यापन अवश्य कराएं। विधायक मोहम्मद शहजाद ने भाजपा के पूर्व विधायक के उस बयान का भी जिक्र किया जिसमें विकास कार्यों को लेकर टिप्पणी की गई थी। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और अब विकास के मुद्दे पर जवाब देने का समय आ गया है।
संगठन को मजबूत करने की अपील
बैठक में पहुंचे बहुजन समाज पार्टी के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार चौधरी ने कहा कि आज भी अनुसूचित जाति समाज के साथ भेदभाव की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि मिशन-2027 के तहत बहुजन समाज पार्टी हरिद्वार जिले की सभी विधानसभा सीटों पर मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी और अधिक से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जनता से बीएसपी के पक्ष में मतदान करने की अपील भी की।