उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर अभियान को सफल बनाने के लिए भाजपा ने बूथ स्तर तक अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची के पुनरीक्षण में राजनीतिक दलों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए बूथ लेवल एजेंट बीएलए नियुक्त करने के निर्देश दिए गए थे। इस क्रम में भाजपा ने प्रदेशभर में 11 हजार से अधिक बीएलए तैनात कर सबसे बड़ी भागीदारी दर्ज कराई है।
मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती का आधार
पार्टी का कहना है कि शुद्ध पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती का आधार है और भाजपा इस अभियान में पूरी जिम्मेदारी के साथ सहयोग कर रही है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने बताया कि पार्टी ने सभी विधानसभा क्षेत्रों और बूथों पर अपने कार्यकर्ताओं को सक्रिय करते हुए विशेष बैठकें और जन सहायता शिविर आयोजित किए हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से मतदाता सूची में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने त्रुटियों को दूर करने तथा पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल संगठनात्मक उपस्थिति दर्ज कराना नहीं बल्कि निर्वाचन आयोग के इस महत्वपूर्ण अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाना है। पार्टी के बीएलए और कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर लोगों को गणना प्रपत्र भरने और समय पर जमा कराने के लिए जागरूक कर रहे हैं।
प्रदेशभर में बूथ स्तर की बैठक
भाजपा के प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करना उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में आयोजित बैठकों में बूथ स्तर की चुनौतियों मतदाता जागरूकता और अभियान की प्रगति पर लगातार समीक्षा की जा रही है। भाजपा का मानना है कि एक सटीक और अद्यतन मतदाता सूची न केवल निष्पक्ष चुनाव की गारंटी है बल्कि लोकतंत्र में जनता के विश्वास को भी मजबूत करती है।