देहरादून : उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय UTU की सेमेस्टर परीक्षा में पेपर लीक मामले में देहरादून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने प्रेमनगर स्थित शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने परीक्षा से पहले व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से छात्रों के साथ प्रश्न साझा किए थे जिनका मिलान परीक्षा में आए प्रश्नपत्र से होने पर काफी समानता पाई गई।
प्रश्नपत्र लीक होने की शिकायत
जानकारी के अनुसार UTU की सेमेस्टर परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र लीक होने की शिकायत सामने आई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय स्तर पर आंतरिक जांच कराई गई। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपों की पुष्टि होने के बाद प्रेमनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया।
इसके बाद एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी सहायक प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी कब्जे में लिए हैं जिनकी जांच की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि प्रश्नपत्र साझा करने की प्रक्रिया में कौन-कौन लोग शामिल थे और क्या इसमें अन्य व्यक्तियों की भी भूमिका रही है।
संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच
पुलिस के अनुसार मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पेपर लीक जैसे मामलों को लेकर पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखना बेहद जरूरी है और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।