उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी (सपा) की नोएडा में आयोजित समानता भाईचारा रैली को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी नेता ने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का नोएडा दौरा पूरी तरह से असफल रहा।
जनता ने समाजवादी पार्टी को नकार दिया
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अपने बयान में आगे कहा कि, जनसभा में कई खाली कुर्सियां इस बात का प्रमाण हैं कि महीनों की तैयारी और लगभग 100 विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं को बुलाने के बावजूद रैली में अपेक्षित संख्या नहीं जुटी। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने समाजवादी पार्टी को नकार दिया है।
अखिलेश अपशकुन के कारण नोएडा का दौरा नहीं करते थे
भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता पाठक ने नोएडा में समाजवादी पार्टी के शासनकाल के दौरान 'मिनी सीएम' नामक अधिकारियों की आलोचना करते हुए कहा कि, वे वसूली के काम में लगे रहते थे। पाठक ने बताया कि तब अखिलेश यादव अपशकुन के कारण नोएडा का दौरा नहीं किया करते थे। लेकिन इस बार सत्ता हासिल करने की नियत से वहां आए, बावजूद इसके जनता ने उन्हें नकार दिया।
हमारी सरकार लगातार विकास कर रही
उपमुख्यमंत्री पाठक ने नोएडा में बने अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का उल्लेख करते हुए कहा कि यह तैयार हो चुका है और इसका लोकार्पण भी हो चुका है। बीजेपी नेता ब्रजेश पाठक का संदेश साफ था कि विकास के मामले में वर्तमान सरकार की पहल समाजवादी पार्टी की तुलना में अधिक ठोस और प्रभावी रही है।