मध्यप्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज ‘समर्थ MSME विकसित मध्यप्रदेश’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में 257 से अधिक MSME इकाइयों को 169.57 करोड़ रुपए से ज्यादा की प्रोत्साहन राशि सिंगल क्लिक के जरिए उनके खातों में ट्रांसफर करेंगे।
स्टार्टअप्स को भी मिलेगी आर्थिक मदद
कार्यक्रम में स्टार्टअप्स को भी प्रोत्साहन दिया जाएगा। मुख्यमंत्री करीब 28.6 लाख रुपए की अनुदान राशि की पहली किश्त वितरित करेंगे। साथ ही, प्रदेश के 43 जिलों के 286 स्टार्टअप्स के लिए 3.43 करोड़ रुपए की सहायता स्वीकृत की गई है।
MSME मंत्री की रहेगी विशेष मौजूदगी
इस अवसर पर MSME मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप भी उपस्थित रहेंगे। लघु उद्योग निगम की ओर से 8 करोड़ रुपए का अंतरिम लाभांश चेक मुख्यमंत्री को सौंपा जाएगा।
उद्यमियों को भूमि आवंटन और ऋण वितरण
कार्यक्रम के दौरान आगर मालवा और बैतूल के तीन उद्यमियों को औद्योगिक भूमि आवंटन आदेश दिए जाएंगे, जबकि एक उद्यमी को आशय पत्र प्रदान किया जाएगा।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत तीन हितग्राहियों को 50.5 लाख रुपए के ऋण चेक भी वितरित किए जाएंगे।
उद्यमियों से करेंगे संवाद
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री उद्यमियों से सीधा संवाद भी करेंगे, जहां युवा उद्यमी अपने अनुभव साझा करेंगे और सरकार की योजनाओं पर चर्चा करेंगे।