नगर निगम की सामान्य सभा में आज वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया जाएगा। महापौर मीनल चौबे अपना दूसरा बजट सदन में प्रस्तुत करेंगी। इस बार करीब 1830 करोड़ रुपए का बजट आने की संभावना है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 300 करोड़ अधिक होगा। इसे निगम के इतिहास का सबसे बड़ा बजट माना जा रहा है।
विकास और जनसुविधाओं पर रहेगा फोकस
बजट में शहर के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता दी गई है। महापौर ने एमआईसी सदस्यों और पार्षदों के साथ बैठक कर सभी मुद्दों पर तैयारी के साथ आने के निर्देश दिए हैं।
अधोसंरचना पर बढ़ेगा खर्च
अधोसंरचना मद में अधिक फंड मिलने से सड़कों, नालों-नालियों, पुल-पुलिया, खेल मैदान और उद्यानों के विकास पर ज्यादा खर्च किया जाएगा। राज्य सरकार से करीब 400 करोड़ रुपए के प्रावधान से विकास कार्यों को गति मिलेगी।
युवाओं और महिलाओं के लिए खास योजनाएं
बजट में युवाओं, बच्चों और महिलाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। खेल मैदानों और पार्कों के विकास के साथ कामकाजी महिलाओं के लिए तीन वुमन हॉस्टल की सुविधा भी प्रस्तावित है।
राजस्व बढ़ाने पर भी जोर
तेलीबांधा चौक में प्रस्तावित बिजनेस टॉवर से निगम की आय बढ़ने की उम्मीद है। साथ ही तालाबों, ऐतिहासिक धरोहरों और महापुरुषों की प्रतिमाओं के संरक्षण को भी बजट में शामिल किया गया है।
सदन में हो सकती है तीखी बहस
कांग्रेस पार्षद दल अधूरे वादों को लेकर महापौर परिषद को घेरने की तैयारी में है। खासकर जलापूर्ति जैसे मुद्दों पर सदन में तीखी बहस होने की संभावना जताई जा रही है।