मध्यप्रदेश में आज सोमवार 30 मार्च से युवा विधायक सम्मेलन की शुरुआत हो रही है। दो दिवसीय इस कार्यक्रम में डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे। सम्मेलन में मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के विधायक भाग लेंगे।
लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी पर मंथन
यह सम्मेलन लोकतंत्र में युवाओं की सक्रिय भागीदारी और उनकी भूमिका पर चर्चा के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कार्यक्रम से पहले तैयारियों का जायजा लिया। यह आयोजन राष्ट्रकुल संसदीय संघ के तहत हो रहा है।
पांच सत्रों में होगी विस्तृत चर्चा
30 और 31 मार्च को मध्यप्रदेश विधानसभा में आयोजित इस सम्मेलन में कुल पांच सत्र होंगे। पहले दिन तीन और दूसरे दिन दो सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें लोकतंत्र और युवा नेतृत्व से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।
3 राज्यों के युवा विधायक होंगे शामिल
सम्मेलन में 45 वर्ष से कम आयु के विधायक शामिल होंगे। इसमें मध्यप्रदेश के 37, राजस्थान के 13 और छत्तीसगढ़ के 13 विधायक भाग लेंगे।
इन विषयों पर होगा मंथन
- पहले दिन ‘लोकतंत्र और नागरिकों की भागीदारी को मजबूत करने में युवा विधायकों की भूमिका’ विषय पर चर्चा होगी।
- दूसरे दिन ‘विकसित भारत 2047: युवा विधायकों के दायित्व और चुनौतियां’ पर मंथन किया जाएगा।
समापन में शामिल होंगे ये दिग्गज
समापन समारोह में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश मौजूद रहेंगे। वहीं, संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।