हरिद्वार में जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत आम जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण की दिशा में प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 56 शिकायतें दर्ज की गईं।
जनसुनवाई में 36 शिकायतें मौके पर प्राप्त
जिला कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान 36 शिकायतें मौके पर प्राप्त हुईं जबकि 20 शिकायतें ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से दर्ज कराई गईं। प्रशासन की ओर से तत्परता दिखाते हुए 26 समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर दिया गया जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को अग्रसारित कर दिया गया है ताकि उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
जनसुनवाई में सबसे अधिक शिकायतें राजस्व और भूमि विवाद बिजली आपूर्ति जलभराव तथा पेयजल से जुड़ी समस्याओं की रहीं। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याएं दर्ज कराईं। 25 ग्राम पंचायतों में संचालित मिनी सचिवालयों के माध्यम से ग्रामीणों ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अपनी शिकायतें प्रशासन तक पहुंचाईं।
शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध तरीके से और पूरी संवेदनशीलता के साथ किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
साथ ही डीएम ने सीएम हेल्पलाइन पर लंबित पड़ी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश भी दिए ताकि आम लोगों को जल्द से जल्द राहत मिल सके। प्रशासन का उद्देश्य है कि जनसुनवाई कार्यक्रम के माध्यम से लोगों की समस्याओं का प्रभावी और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाए।