गंगटोक | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर सिक्किम पहुंचे हैं। मंगलवार सुबह उन्होंने राजधानी गंगटोक में बच्चों के साथ फुटबॉल खेली। इस दौरान प्रधानमंत्री काफी उत्साह में नजर आए। उन्होंने फुटबॉल खेलते हुए बच्चों के साथ तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं।
प्रधानमंत्री ने X पर लिखा, “इन बच्चों के साथ फुटबॉल खेलकर मन ऊर्जा से भर गया। खूबसूरत गंगटोक की सुबह युवा दोस्तों के साथ फुटबॉल खेलने जैसा कुछ नहीं।”



50वें स्थापना दिवस समारोह का समापन आज
प्रधानमंत्री मोदी आज सिक्किम के 50वें स्थापना दिवस समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके साथ ही वे करीब ₹4,000 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। गंगटोक में प्रधानमंत्री की एक जनसभा भी प्रस्तावित है।
पहले दिन किया भव्य रोड शो
प्रधानमंत्री सोमवार शाम को सिक्किम पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने लिबिंग हेलिपैड से गवर्नर हाउस (लोक भवन) तक रोड शो किया। रोड शो के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने तिरंगा लहराकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया। स्थानीय लोगों ने उन्हें गमछे भेंट किए।
₹4,000 करोड़ की विकास परियोजनाएं
- प्रधानमंत्री शिक्षा, स्वास्थ्य, कनेक्टिविटी, इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन, पर्यावरण और कृषि से जुड़ी कई अहम परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। इनमें-
- नामची में 100 बेड का अस्पताल
- देवराली में 30 बेड का अस्पताल
- तीस्ता नदी पर दो डबल लेन स्टील ब्रिज
- गंगटोक में सिविल सर्विस ऑफिसर्स इंस्टीट्यूट शामिल हैं।
16 मई 1975 को भारत का हिस्सा बना सिक्किम
16 मई 1975 को सिक्किम औपचारिक रूप से भारत का 22वां राज्य बना था। इस वर्ष राज्य स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने पर पूरे साल कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनका समापन आज हो रहा है।