कांवड़ यात्रा को सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से यातायात बाधित न हो इसके लिए एनएचएआई द्वारा किए जा रहे फ्लाईओवर कार्यों का जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों एवं कॉन्ट्रैक्टरों के साथ हरिलोक तिराहा ज्वालापुर बहादराबाद टोल प्लाजा आदि क्षेत्रों में चल रहे फ्लाईओवर कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी की व्यक्त
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि निर्माण कार्य धीमी गति से किया जा रहा है जिस पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए चल रहे निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यदायी संस्था एवं कॉन्ट्रैक्टरों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पूर्व ही जो भी निर्माण कार्य तत्परता से किए जा सकते हैं उनको त्वरित गति से करना सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही एवं शिथिलता नहीं बरती जानी चाहिए।
अधिकारियों से समन्वय स्थापित
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कांवड़ यात्रा से पहले यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए जो भी निर्माण सामग्री एवं सड़क किनारे जो भी मलबा पड़ा है उसे त्वरित गति से हटाया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए हैं कि जो भी निर्माण कार्य किए जा रहे हैं उन कार्यों को पूर्ण करने के लिए संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित करते हुए कार्यों को त्वरित गति से कराया जाए। इसके लिए उन्होंने श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए हैं कि जो कार्य रात्रि के समय किया जा सकता है उस कार्य को रात्रि में ही कराया जाए।