नई दिल्ली/मैच रिपोर्ट: IPL 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद का विजय रथ रुकने का नाम नहीं ले रहा है। पैट कमिंस की कप्तानी वाली हैदराबाद ने पंजाब किंग्स को शिकस्त देकर पॉइंट टेबल में शीर्ष स्थान कब्जा लिया है। वहीं, टूर्नामेंट की शुरुआत में अजेय रहने वाली पंजाब किंग्स के लिए अब मुश्किलें बढ़ गई हैं; राजस्थान और गुजरात के बाद अब हैदराबाद से मिली हार के साथ उनकी हार की हैट्रिक पूरी हो गई है।
हैदराबाद का विध्वंसक स्कोर: 235/4
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद को 'टैविषेक' (ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा) की जोड़ी ने तूफानी शुरुआत दी। दोनों ने पावरप्ले में ही 32 गेंदों पर 73 रन ठोक दिए।
अभिषेक शर्मा: 13 गेंद, 35 रन
ट्रेविस हेड: 19 गेंद, 38 रन
मध्यक्रम में ईशान किशन (55) और हैनरिक क्लासेन (69) ने अर्धशतकीय पारियां खेलकर स्कोर को 235 तक पहुँचाया। अंत में नीतीश कुमार रेड्डी ने 13 गेंदों पर 29 रनों की नाबाद कैमियो पारी खेली। पंजाब के गेंदबाज अर्शदीप (43 रन) और जानसेन (61 रन) काफी महंगे साबित हुए।
कौनौली का अकेला संघर्ष, पंजाब का टॉप ऑर्डर फेल
236 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की शुरुआत बेहद शर्मनाक रही। महज 3.2 ओवर में कप्तान श्रेयस अय्यर (5), प्रियांश आर्या (1) और प्रभसिमरन सिंह (3) पवेलियन लौट गए। मैच यहीं पंजाब के हाथ से निकल गया था।लेकिन, अपना पहला IPL सीजन खेल रहे ऑस्ट्रेलिया के युवा खिलाड़ी कूपर कौनोली ने हार नहीं मानी। उन्होंने हैदराबाद के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और शानदार शतक जड़ा। कौनौली ने 59 गेंदों पर नाबाद 107 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें किसी का साथ नहीं मिला। मार्कस स्टोइनिस (28) और सूर्यांश ने कोशिश की पर वे सफल नहीं रहे। पंजाब की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 202 रन ही बना सकी।
मैच का टर्निंग पॉइंट
पंजाब की खराब फील्डिंग हार की मुख्य वजह बनी। फील्डर्स ने ईशान किशन (दो बार) और क्लासेन का आसान कैच छोड़ा, जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा। हैदराबाद की ओर से कप्तान कमिंस और नीतीश रेड्डी ने सधी हुई गेंदबाजी की, जिसके आगे पंजाब का मध्यक्रम ढह गया।