राम मंदिर अयोध्या में चैत्र नवरात्रि के अवसर पर दर्शन और आरती की व्यवस्था में बदलाव किया गया है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रशासन ने कई नए नियम लागू किए हैं, जिससे दर्शन व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।
आरती का समय भोर 5:30 बजे से 5:50 बजे तक
मंदिर प्रशासन के अनुसार, चैत्र नवरात्रि से भगवान रामलला के दर्शन का समय बदल दिया गया है। अब श्रद्धालु सुबह 6 बजे से रामलला के दर्शन कर सकेंगे। वहीं, सुबह होने वाली श्रृंगार आरती का समय भोर 5:30 बजे से 5:50 बजे तक निर्धारित किया गया है। दर्शन समय में यह बदलाव श्रद्धालुओं की सुविधा औरभीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए किया गया है।
चैत्र नवरात्रि से ही चैत्र रामनवमी मेले की शुरुआत
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सचिव चंपत राय ने जानकारी देते हुए बताया कि चैत्र नवरात्रि से ही चैत्र रामनवमी मेले की शुरुआत भी हो रही है, जिसके कारण अयोध्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसी को देखते हुए मंदिर परिसर में व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया गया है
मंदिर प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि नवरात्रि के दौरान दर्शन के लिए आने वाले किसी भी श्रद्धालु को वीआईपी पास जारी नहीं किए जाएंगे। सभी भक्तों को सामान्य व्यवस्था के तहत ही दर्शन करने होंगे। इसके साथ ही मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया गया है।
हथियार लेकर प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित
नए नियमों के तहत मंदिर परिसर में किसी भी प्रकार का हथियार लेकर प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यदि कोई श्रद्धालु ऐसा करते हुए पाया जाता है, तो उसे मंदिर के अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से रामलला के दर्शन कराना है, ताकि नवरात्रि और रामनवमी मेले के दौरान आने वाली भारी भीड़ को आसानी से संभाला जा सके।
Comments (0)