माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) भोपाल की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन का लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। 23 मार्च से मूल्यांकन के चौथे और अंतिम चरण की शुरुआत होगी। माशिमं के अधिकारियों का कहना है कि यदि मूल्यांकन इसी गति से चलता रहा, तो अप्रैल के पहले सप्ताह तक परिणाम तैयार हो जाएगा। अनुमान है कि 14 अप्रैल तक परीक्षा परिणाम घोषित किए जा सकते हैं।
16 लाख विद्यार्थियों की 90 लाख उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन
मध्य प्रदेश में इस वर्ष लगभग 16 लाख विद्यार्थियों ने 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं दी हैं। इन परीक्षार्थियों की लगभग 90 लाख उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जा रहा है। इस कार्य में लगभग 18 हजार शिक्षकों को लगाया गया है। अधिकांश जिलों में मूल्यांकन कार्य तेज गति से चल रहा है, लेकिन आगर मालवा और नर्मदापुरम जिलों में अब तक केवल 40 प्रतिशत उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन हो पाया है।
धीमी गति वाले जिलों को कड़े निर्देश
मंडला, डिंडोरी, बालाघाट, अनूपपुर, शहडोल, भिंड और मुरैना जैसे जिलों में भी मूल्यांकन धीमी गति से हो रहा है। माशिमं ने इन जिलों में कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने बताया कि इस बार परिणाम जल्दी घोषित करने का उद्देश्य विद्यार्थियों को दूसरी परीक्षा की तैयारी के लिए पर्याप्त समय देना है। इस वर्ष बोर्ड की द्वितीय परीक्षा 7 मई से शुरू होगी, जबकि पिछले वर्ष यह परीक्षा जुलाई में आयोजित हुई थी।
दूसरी परीक्षा की तैयारी के लिए मिलेगा 20 दिन का समय
यदि परिणाम 14-15 अप्रैल तक घोषित हो जाता है, तो अनुत्तीर्ण, पूरक या श्रेणी सुधार के इच्छुक विद्यार्थियों को तैयारी के लिए लगभग 20 दिन का समय मिलेगा।
Comments (0)