कटक के SCB मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रविवार देर रात करीब 3 बजे भीषण आग लग गई। यह आग अस्पताल की पहली मंजिल पर बने ट्रॉमा केयर के ICU में लगी। इस हादसे में 10 मरीजों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि 7 मरीजों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से झुलसे 3 मरीजों की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मरीजों को बचाने में 11 कर्मचारी भी झुलसे
आग लगने के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के दौरान अस्पताल के कम से कम 11 कर्मचारी भी झुलस गए। सभी घायलों का इलाज अस्पताल में ही किया जा रहा है।
सीएम ने किया मुआवजे का ऐलान
हादसे की जानकारी मिलने के बाद CM मोहन चरण मांझी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग की आशंका
जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त ICU में करीब 23 मरीज भर्ती थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी हो सकती है, हालांकि सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मुख्यमंत्री ने पूरे मामले की हाई लेवल जांच के आदेश दे दिए हैं।
ओडिशा का सबसे बड़ा अस्पताल है SCB
SCB मेडिकल कॉलेज अस्पताल ओडिशा का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल माना जाता है, जहां पूरे राज्य से बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं।
Comments (0)