उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत लाभार्थी आधारित व्यक्तिगत आवास निर्माण के करीब 90 हजार पात्र लाभार्थियों को पहली किस्त जारी करेंगे। यह धनराशि डीबीटी (DBT) के माध्यम से सिंगल क्लिक के जरिए सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।
20 लाभार्थियों को देंगे आवास स्वीकृति प्रमाणपत्र
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 20 लाभार्थियों को आवास स्वीकृति प्रमाणपत्र भी प्रदान करेंगे। साथ ही वे Fatehpur, Gorakhpur, Prayagraj, Saharanpur, Maharajganj और Deoria के एक–एक लाभार्थी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए वर्चुअल संवाद करेंगे और उनसे योजना के लाभ व अनुभवों की जानकारी लेंगे।
पहली किस्त में मिलेंगे 1 लाख रुपये
योजना के तहत लाभार्थियों को पहली किस्त के रूप में 1 लाख रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के अंतर्गत प्रति लाभार्थी कुल 2.50 लाख रुपये की सहायता दी जाती है, जिसमें केंद्र सरकार की ओर से 1.5 लाख और राज्य सरकार की ओर से 1 लाख रुपये शामिल होते हैं। यह राशि तीन किस्तों में दी जाती है।
क्या है पीएम आवास शहरी योजना?
प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 एक मांग आधारित योजना है, जिसके तहत पात्र शहरी लाभार्थियों को चरणबद्ध तरीके से घर बनाने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। योजना का उद्देश्य हर पात्र परिवार को सुरक्षित और पक्का आवास उपलब्ध कराना है, ताकि “सबके लिए आवास” की परिकल्पना को साकार किया जा सके।
ऐसे चेक करें किस्त की जानकारी
लाभार्थी योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ‘Track Application’ विकल्प पर क्लिक कर सकते हैं। इसके बाद आधार नंबर या बेनेफिशियरी कोड दर्ज करने पर खाते में आई किस्त की जानकारी स्क्रीन पर दिखाई देगी।
Comments (0)