लखनऊ से जारी ताजा अपडेट के मुताबिक उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम अचानक बदलने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश के साथ वज्रपात (आकाशीय बिजली) की चेतावनी जारी की है।
बुंदेलखंड और प्रयागराज मंडल में असर
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज और फतेहपुर में तेज गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
पूर्वांचल के जिलों में भी अलर्ट
प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर और चंदौली में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है। वहीं वाराणसी, भदोही और जौनपुर में भी बारिश और वज्रपात का खतरा बना हुआ है।
मध्य यूपी और कानपुर मंडल प्रभावित
फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव और रायबरेली में भी मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
इन जिलों में भी सावधानी जरूरी
मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर और महोबा में भी वज्रपात की आशंका जताई गई है। लोगों को खुले स्थानों से दूर रहने और सुरक्षित जगह पर रहने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक बाहर न निकलें और बिजली गिरने से बचाव के लिए सावधानी बरतें।