इंडियन प्रीमियर लीग के मौजूदा सीजन में जहां टीमें प्लेऑफ की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए संघर्ष कर रही हैं, वहीं बल्लेबाजों के बीच ऑरेंज कैप की जंग भी बेहद दिलचस्प हो गई है। हर मैच के साथ यह मुकाबला और रोमांचक होता जा रहा है, क्योंकि कई खिलाड़ी लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।
ऑरेंज कैप अभिषेक शर्मा के पास है
इस समय ऑरेंज कैप हैदराबाद के धुरंधर ओपनर बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के पास है, जिन्होंने 9 मैचों में 425 रन बनाए हैं। उनका औसत 52.12 और स्ट्राइक रेट 209.36 है, जो इस सीजन में उनकी आक्रामक बल्लेबाजी को दर्शाता है। आपको बता दें कि, बाएं हाथ के युवा विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक अब तक 40 चौके और 31 छक्के लगा चुके हैं, जिससे उन्होंने विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा है।
हेनरिक क्लासेन ने 9 मैचों में 414 रन बनाए
उनके ठीक पीछे हेनरिक क्लासेन हैं, जिन्होंने भी 9 मैचों में 414 रन बनाए हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेल रहे क्लासेन ने 32 चौके और 18 छक्कों की मदद से टीम को कई अहम मौकों पर मजबूती दी है। तीसरे स्थान पर सबसे युवा और बेखोफ बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी हैं, जिन्होंने 9 मैचों में 400 रन पूरे कर लिए हैं। उनके नाम 34 चौके और 37 छक्के दर्ज हैं, जो उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रमाण है।
ऑरेंज कैप की रेस में राहुल और विराट भी
इन टॉप-3 बल्लेबाजों के अलावा भी मुकाबला काफी कड़ा है। दिल्ली के सबसे सीनियर खिलाड़ी केएल राहुल ने 8 मैचों में 358 रन बनाए हैं, जबकि RCB के पूर्व कप्तानविराट कोहली 351 रन के साथ रेस में बने हुए हैं। सीजन अभी अपने मध्य चरण में है और लगभग सभी टीमें 7 से 9 मैच खेल चुकी हैं। ऐसे में आने वाले मुकाबलों में यह रेस और भी रोमांचक होने वाली है। कोई भी बल्लेबाज एक बड़ी पारी खेलकर ऑरेंज कैप की दौड़ में आगे निकल सकता है, जिससे दर्शकों के लिए हर मैच का रोमांच और बढ़ गया है।