मध्य प्रदेश में झुलसा देने वाली गर्मी के बीच आज बड़ी राहत मिलने के संकेत हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश के आधे हिस्से में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।
30 से ज्यादा जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
IMD के अनुसार रीवा, ग्वालियर, सागर समेत 30 से अधिक जिलों में मौसम अचानक बदल सकता है। इन इलाकों में 50 किमी/घंटा की रफ्तार से धूल भरी आंधी, हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है।
क्यों बदला मौसम? जानिए वजह
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पश्चिमी हिमालय और बंगाल क्षेत्र में सक्रिय सिस्टम का असर मध्य प्रदेश पर पड़ रहा है। प्रदेश के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन सक्रिय है, जिससे हवा और नमी में बदलाव आया है। इसी कारण कई इलाकों में तापमान गिरने और बारिश होने के आसार बने हैं।
इन जिलों में आज बारिश और आंधी की संभावना
आज सागर, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, सीधी, सिंगरौली, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, शिवपुरी, गुना, विदिशा, राजगढ़, नीमच, मंदसौर सहित कई जिलों में तेज हवा के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
एक तरफ राहत, दूसरी तरफ जारी रहेगी भीषण गर्मी
जहां प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश से राहत मिलेगी, वहीं पश्चिमी और दक्षिणी इलाकों में गर्मी का असर बना रहेगा। इंदौर और उज्जैन जैसे क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रह सकता है।
तापमान ने तोड़े रिकॉर्ड
बुधवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 43.7°C दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा और पिछले 10 साल के रिकॉर्ड की बराबरी की। वहीं सीधी 43.8°C के साथ सबसे गर्म जिला रहा।
इन शहरों में जारी रहेगा हीटवेव का असर
मौसम विभाग के अनुसार भोपाल, जबलपुर, उज्जैन, इंदौर, शहडोल, नरसिंहपुर, रायसेन, खरगोन, धार, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, खंडवा और देवास समेत कई जिलों में अभी भी भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा।