मध्य प्रदेश के धार में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 16 लोगों की जान चली गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। मृतकों में 6 बच्चे भी शामिल हैं। हादसा इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिकलिया फाटा के पास हुआ।
टायर फटने से बेकाबू हुआ पिकअप, स्कॉर्पियो से टकराया
जानकारी के अनुसार, मजदूरों से भरी पिकअप तेज रफ्तार में थी। अचानक टायर फटने से वाहन अनियंत्रित हो गया, डिवाइडर पार कर रॉन्ग साइड में पहुंच गया और सामने से आ रही स्कॉर्पियो से टकरा गया। टक्कर के बाद पिकअप 3-4 बार पलट गया।
प्रत्यक्षदर्शी शुभम सिसोदिया ने बताया कि हादसा कुछ ही सेकंड में हुआ और पिकअप पूरी तरह बेकाबू हो गया था।
पिकअप में क्षमता से अधिक सवार थे मजदूर
बताया जा रहा है कि पिकअप में करीब 46 से 50 मजदूर सवार थे, जबकि वाहन की क्षमता इससे काफी कम थी। तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है।
घायलों का इलाज जारी, कई को इंदौर रेफर
प्रशासन के मुताबिक:
- 7 गंभीर घायलों को इंदौर रेफर किया गया है
- करीब 15 घायलों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में चल रहा है
- 6 घायलों का उपचार निजी अस्पतालों में जारी है
- अस्पतालों में सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं और डॉक्टरों की टीम तैनात है।
पीएम और सीएम ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान
- नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई।
- पीएम राहत कोष से मृतकों के परिजन को 2-2 लाख रुपए
- घायलों को 50-50 हजार रुपए
वहीं डॉ. मोहन यादव ने भी सहायता राशि की घोषणा की:
- मृतकों के परिजन को 4-4 लाख रुपए
- गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपए
- अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपए
आज होगा अंतिम संस्कार
हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों का अंतिम संस्कार आज किया जाएगा। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्यों को तेज करते हुए घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।